Sunday, March 28, 2010

अजनबीपन

जब कभी भी किसी नई जगह जाओगे ,
स्वयं को अपनों से दूर
नए लोगों के बीच पाओगे ,
और पाओगे एक घुटन-भरा अजनबीपन,
अपने चारो ओर, सन्नाटे की तरह पसरा हुआ ,
कौतूहल जगाता हुआ ।
समय और स्थान ,
सब कुछ नया लगेगा , अजीब लगेगा ,
धरती और आसमान भी लगेगा बदला-बदला सा ।
बहुत बैचन करेगा ये नयापन,
ये बदलाव ,
कुछ भी अच्छा नहीं लगेगा ,
कुछ भी तो नहीं।
पर अगले ही पल से अजनबीपन का दायरा घटने लगेगा ,
धीरे धीरे अपने आप में सिमटने लगेगा ।
लोगों का कौतुहल , परायापन
अपनेपन में बदलने लगेगा ।
ऐसा कोई पहली बार नहीं हुआ है,
तेरे साथ - मेरे साथ,सबके साथ ।
अपना समझने का " पन" ही तुम्हे
औरों से जोड़ेगा
लयबद्ध विकास के पथ पर मोड़ेगा
"अजनबीपन" से ही अपनेपन की शुरुआत होगी,
घबराना मत,
इसे हँसकर गले लगाना।




Monday, March 22, 2010

पुनर्मिलन

जब - जब मैं टी वी के सामने बैठता हूँ , पापा
और घडी रात के ८.४० बजाती है
और समय होता है समाचार का
आपके साथ मैं बैठता हूँ
आप देखते हैं समाचार, मैं भी देखता हूँ ,
मैं देखता भी हूँ, सोचता भी हूँ
समाचार खत्म होते ही माँ आकर आगे बैठ जाती है
"सास-बहू" सीरिअल शुरू होने वाला है
आप खा भी रहे है और देख भी रहे हैं,
संतोष आँगन में खाट डाले पड़ा है,
पड़े - पड़े देख रहा है
पुष्पा रसोई बना रही है
"आप भी खा लीजिये ना ", वह वहीं से बोलती है।
"अभी ठहरो, थोड़ी देर बाद खा लूंगा , इतनी जल्दी भी क्या है ?"
"कहीं चले मत जाइयेगा, आपकी तो आदत ही ऐसी है"
राजा बेटा, वैसे मत करो
देखो, नहीं मानोगे तो मार खाओगे
तभी पिताजी उसे गोद में उठा लेते हैं -
"प्यार तो करोगे नहीं, सिर्फ मारने की बात करोगे "
"आप समझते क्यों नहीं पापा , इसकी आदत ख़राब हो जायेगी,
मैं जब भी उसे डांटता हूँ , आप उसे पुचकारने लगते हैं "
पुष्पा भी मुझ पर ही गुस्सा हो रही है
और मैं पुनः टी वी में खो जाता हूँ
अब अंगरेजी का समाचार आ रहा है
"हेडलाइंस अगेन " के साथ समाचार खत्म होता है,
तब अचानक याद आता है कि आप लोग मुजफ्फरपुर में हैं
और मैं " पुरुलिया " में ।
मिलकर बैठने की ख़ुशी और बिछड़ने का गम साथ लिए ।


दिल और दीया

जलने के लिए ही बना है

दिल और दीया ,

जलना ही उनकी नियति है ,

जलना ही उनकी प्रकृति है,

एक जलकर रौशन हो जाता है ,

सबको रौशन कर जाता है ,

एक जलकर इन्सां हो जाता है ,

क्योंकि

औरों का दर्द समझता जाता है।

Thursday, March 18, 2010

यमुना

मृत्यु शैया पर लेटी यमुना
जीवन मांग रही , जीवन
ताकि जीवनदान दे सके ,
गौरव और अभिमान दे सके ,
पर कोई उसे "संजीवनी " नहीं देता,
नहीं देता उसे उसकी "धार"
सोचते सब हैं, मैं भी और तुम भी
पर कर कुछ नहीं पाते
कुछ करना चाहते भी नहीं
बस सोचते रहते हैं ,सोचते रहते हैं........
उसकी विशालता से सब घबराते हैं
शरीर माँ का हो या नदी का
विशाल तो होता ही है
तभी तो पलती हैं जिंदगियां
उनकी कोख में
अठखेलियाँ करती है
उसकी गोद में ।
पर कब तक !
आखिर कब तक
कलकल करती यमुना की तस्वीर निहारेंगे ?
कबतक उसकी विशाल काया से घबरायेंगे ?
कब तक करेंगे इन्तजार
उसके स्वयं ठीक हो जाने का
मृत्यु शैया से उठ आने का ।
आओ , कुछ करें की यमुना बच जाए
और मिल जाये हम सबको नया जीवन .......

Friday, March 12, 2010

आओ बच्चों कुछ कर जायें

जंगल सारे उजड़ रहे हैं
पर्वत सारे बिखर रहे हैं
सूख रहे हैं निर्झर सारे
धरती का सीना है छलनी
इस धरती की जान बचाएं
आओ बच्चों कुछ कर जायें

चलो आज से पेड़ लगायें
चहुँ ओर हरियाली लायें
जामुन, नीम और आम लगायें
जेठ माह सावन बन जाए
आओ बच्चों कुछ कर जायें

इतने पेड़ लगाएं हम सब
जंगल में भी होगा मंगल
भालू, चीते, शेर भी होंगे
बस उनकी तस्वीर ना लायें ।
आओ बच्चों कुछ कर जायें ।

बाग़ बगीचे अब लहरायें
फूलों से बचपन भर जाये
आने वाला कल का सूरज
और अधिक रोशन हो जाये ।
आओ बच्चों कुछ कर जायें

गावों में भी अलख जगाएं
खेतो में फसले लहराए
बादल को संदेशा भेजें
गागर में सागर भर लाये ।
झमझम कर बरसे आँगन में
धरा धाम को तर कर जाये ।
आओ बच्चों कुछ कर जायें

स्वच्छ रहें और स्वच्छ बनायें
कचरों को अब ना फैलाएं
नालों की हम करें सफाई
नदियाँ भी जीवन पा जाएँ
जीवन में खुशहाली छाये
आओ बच्चों कुछ कर जायें





अहसास

पा लिया है तुम्हें
लेकिन खो दिया है तुम्हें न पाने का डर
जो हमारे मन को हर पल डराता था,
तरसाता था , तड़पाता था ,
मंझधार में फंसें मन को
आशा और निराशा के हिंडोले पर झुलाता था ।
तेरे आने की बात मन को गुद-गुदाती थी ,
तेरे न आने का ख्याल और अपनी बेबसी का एहसास
अजीब सी तड़प छोड़ जाते थे ।
सपनों के संसार संजोए थे हमने ,
जहाँ हम थे,तुम थे बस ।
तेरे आते ही सब टूट गए
ख़त्म हो गई बेकरारी ,ख़त्म हो गया इन्तजार
पर निराश नहीं हैं हम ।
हमें मिल गया है तेरा क्रन्दन
मिल गयी है तेरी मुस्कान
और जीवन को मिल गया है-
एक अर्थ ।

Wednesday, January 27, 2010

अब कबूतर नहीं उड़ायेंगे

हम अमन का पाठ पढ़ाते हैं
इंसानीयत को अपना ईमान बनाते हैं ,
हम इंसान बनाते हैं , इंसान
लोगों को बुद्ध और ईसा की बातें सिखाते हैं
राम, रहीम की राह दिखाते हैं ।
हैवान नहीं बनाते।

कैसे हो तुम लोग
अपनों को ही बरगलाते हो
जन्नत का ख्वाब दिखाकर
"मानव बम " बनाते हो
इंसान और इंसानियत के चीथड़े उड़ाते हो ।

जिस दिन उनका यह सपना टूटेगा
तेरा अपना भी घर टूटेगा
अपने ही जलायेंगे अपनों को
क्योंकि तब तक वे भस्मासुर बन जायेंगे ।

अब हम कबूतर नहीं उड़ायेंगे
बाज उड़ायेंगे , बाज
परवाज में जिसके होगी बिजलियों की कड़क ,
प्रतिरोध में ताकत चट्टानों की
आतंक के साये में
अमन की बात नहीं दोहराएंगे ।

हम प्रतिशोध नहीं लेंगे
प्रतिकार करेंगे, प्रतिकार
वज्र से भी कठोर आघात करेंगे,
अब प्रतिघात करेंगे

धरती की क्या करते हो बात ,
समंदर पर भी दौड़ लगायेंगे ।
हम ढूंढेंगे "इन्द्रधनुष के तीर"
अपने तरकश में उसे सजायेंगे ।

बहुत कर लिया इलाज
तुम्हारे दिए जख्मों का
अब मरहम नहीं लगायेंगे
अपने घावों को नहीं सहलायेंगे
सूखते घावों को खुरच-खुरच कर हरा बनायेंगे ।

सूखने नहीं देंगे अपने आंसुओ को
उसे ज्वालामुखी का जल ,
किनारा तोड़ने को आतुर
उफनती नदी की धार बनायेंगे ।

खून से लथ-पथ लोगों की तस्वीर
अपने घर में सजायेंगे।
उनकी चीखों को अपने कानों में बसायेंगे
जितने आंसू हमने रोये
जितने अपने हमने खोये
उनको रखेंगे हर पल याद
एक-एक पल - एक-एक क्षण
मोमबत्ती नहीं जलाएंगे ।

अब नहीं होगी गाँधी की बात ,
ना ही नेहरु की सौगात ,
पटरी पर लौटे जीवन,
अपनी बेबसी को
नहीं देंगे साहस का नाम ।
अपनी विवशता को बहादुरी का जामा नहीं पहनायेंगे ,
नहीं कहेंगे इसको जीने का अंदाज ,
अपनी गौरव गाथा नहीं बनायेंगे ।

बेशक आगाज किया है तुमने,
अंजाम तक इसे हम ले जायेंगे,
बहुत हो गया सब्र का इम्तहान ,
अब तो तोड़ डालेंगे ये बाँध ,
तुमको भी बहा ले जायेंगे ।

अब तो हमारा पथ होगा अग्नि-पथ
हम उसके पथिक बन जायेंगे
अब हिंसा को अहिंसा का हथियार बनायेंगे
अब हम प्रहार करेंगे, प्रहार ।

ध्वंस करेंगे ध्वंस
और फिर करेंगे.
सृजन का इन्तजार .........।

अब कभी आतंक के साए में
अमन की बात नहीं दोहराएंगे ।